भूरा यादव: राजनीति से समाज सेवा तक, शराबखोरी के खिलाफ छेड़ा बड़ा अभियान”
बैतूल। भूरा यादव भारतीय जनता पार्टी के एक सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे हैं। भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र के दामजीपूरा मंडल में मंडल अध्यक्ष पद पर रहते हुए उन्होंने संगठन को मजबूत करने और चुनावों में भाजपा को सफलता दिलाने में अहम योगदान दिया। विधानसभा, लोकसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में उनकी सक्रियता के कारण संगठन को मजबूती मिली। वे सांसद प्रतिनिधि के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
आदिवासी बहुल क्षेत्रों में सक्रिय रहकर भूरा यादव ने हमेशा लोगों की समस्याओं और परेशानियों में कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया। भाजपा संगठन में उनकी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता से प्रभावित होकर समाज के लोगों ने उन्हें गवली (यादव) समाज का जिला अध्यक्ष बनाकर सामाजिक नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी।
समाज की जिम्मेदारी संभालने के बाद भूरा यादव ने गांव-गांव जाकर समाज की स्थिति को समझा और पाया कि समाज में कई सामाजिक कुरीतियां फैली हुई हैं, जिनमें शराबखोरी सबसे बड़ी समस्या है। शराब की लत के कारण कई परिवार बर्बाद हो रहे हैं और समाज की छवि भी खराब हो रही है। इसे देखते हुए उन्होंने समाज में जागरूकता अभियान शुरू किया।
इस अभियान में उन्होंने गवली यादव समाज के साथ-साथ गोंड, कोरकू, कुनबी और मेहरा समाज के जिलास्तरीय नेतृत्वकर्ताओं को साथ लेकर शराबखोरी जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया। गांव-गांव में लोगों को जागरूक करने और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है।
इस सामाजिक अभियान के चलते कुछ असामाजिक तत्वों और आदतन शराबियों द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार और विरोध की घटनाएं भी सामने आईं, जिनके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। इसके बावजूद भूरा यादव का कहना है कि वे समाज को नशामुक्त और संगठित बनाने के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे।
भूरा यादव की सक्रियता और सामाजिक नेतृत्व की विभिन्न समाजों के लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। समाज के लोगों का कहना है कि यदि हर समाज को भूरा यादव जैसा नेतृत्व मिले, तो सामाजिक बुराइयों को समाप्त कर समाज को नई दिशा दी जा सकती है।







