15 Best News Portal Development Company In India

ओंकारेश्वर से महाकाल तक निकली भीमपुर ब्लॉक की पांचवीं कावड़ यात्रा

SHARE:

ओंकारेश्वर से महाकाल तक निकली भीमपुर ब्लॉक की पांचवीं कावड़ यात्रा

 

शिवभक्ति के साथ देशभक्ति का संदेश दे रहे कांवड़िए, सावन के पहले सोमवार को होगा बाबा महाकाल का जलाभिषेक

 

भीमपुर —बैतूल जिले के भीमपुर विकासखंड के श्रद्धालु कांवड़ियों ने इस वर्ष भी अपनी पारंपरिक ओंकारेश्वर से उज्जैन महाकाल कावड़ यात्रा का शुभारंभ 30 जुलाई से किया। यह यात्रा लगातार पांचवें वर्ष आयोजित की जा रही है। कांवड़ियों में भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ देशभक्ति का संदेश भी जन-जन तक पहुँचा रहे हैं।

यात्रा के वरिष्ठ सहयोगी एवं पत्रकार श्याम आर्य ने बताया कि उनकी धार्मिक यात्रा का क्रम रंभा से प्रारंभ होकर पहले श्री धूनीवाले दादाजी, खंडवा की निशान पदयात्रा से जुड़ा रहता है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धालु खंडवा पहुँचकर दादाजी के चरणों में निशान अर्पित करते हैं तथा गुरु पूर्णिमा तक श्रद्धालुओं के लिए भंडारा, भोजन प्रसादी, चाय एवं नाश्ता सेवा में निस्वार्थ भाव से सहयोग करते हैं।

उन्होंने बताया कि इसके पश्चात श्रद्धालु ओंकारेश्वर पहुँचकर सावन माह के प्रथम दिन माँ नर्मदा में स्नान कर पवित्र जल भरते हैं। बाबा ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद माँ नर्मदा के समक्ष संकल्प लेकर महाकाल की ओर कावड़ यात्रा प्रारंभ करते हैं। श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए उज्जैन पहुँचेंगे, जहाँ सावन के पहले सोमवार को भगवान महाकाल का पवित्र नर्मदा जल से जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद बाबा महाकाल के दर्शन, भस्म आरती एवं शाही सवारी में शामिल होकर अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण करेंगे।

श्याम आर्य ने बताया कि लगातार पांचवें वर्ष निकाली जा रही इस कावड़ यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सद्भाव, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का संदेश देना भी है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की भक्ति से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक सुख की प्राप्ति होती है।

इस वर्ष यात्रा में महाकाल ग्रुप के श्याम आर्य, कमल धाकड़, वामन चावरे, परसराम सरपंच, किशन वटी, रूपेश आर्य, कृष्ण बारपेटे, तुलसीराम जी, चुनु, नत्थू, मिथुन, निखिल, शिवराज, राजा, लच्छू सहित कुल 15 श्रद्धालु कांवड़िए शामिल हैं। सभी श्रद्धालु पूर्ण श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह के साथ बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पैदल यात्रा कर रहे हैं।

यात्रा के दौरान मार्ग में हजारों की संख्या में कांवड़ियों का जनसैलाब देखने को मिल रहा है। जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत, विश्राम, चिकित्सा, जलपान और भंडारे की व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। पूरा वातावरण शिवमय हो गया है और “हर-हर महादेव” के जयघोष से मार्ग गुंजायमान है।

श्रद्धालुओं का कहना है कि सावन माह में भगवान शिव की आराधना और कावड़ यात्रा जीवन का सबसे बड़ा आध्यात्मिक सौभाग्य है। उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शिवभक्ति, सेवा और सद्भाव के इस पावन अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

Betul News Times
Author: Betul News Times

मैं श्याम आर्य Betul news time' का एडिटर हूं। मैं 2014 से लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हूं में betul news time पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मैने 2015 में सबसे पहले पत्रिका, फिर ताप्ती दर्शन,दबंग न्यूज भोपाल, बैतूल वाणी पर काम करने का अनुभव प्राप्त किया हैं।इसके अलावा मैं 2010 से पत्रकारिता/मीडिया जगत से लगातार जुड़ा हुआ हूं। न्यू भोजराज टाइम भोपाल समाचार में लगभग 2 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के, ताप्ती दर्शन,बैतूलवाणी पत्रिका के लिए काम कर रहा हूं हमेशा धार्मिक खबरें साथ ही पॉजिटिव खबरें पर काम करना पसंद करता हूं जिसमें समस्त पाठकों सहित शासन प्रशासन तक जानकारी पूर्णत पहुंच सके श्याम आर्य मोबाइल नंबर 7697501111