कुनखेड़ी वृंदावन गार्डन में ग्रामोदय से अभ्योदय मध्यप्रदेश पखवाड़े के तहत आनंद उत्सव का भव्य आयोजन
भीमपुर रिपोर्ट श्याम आर्य
मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार भीमपुर विकासखंड में सेक्टर स्तर पर 12 से 26 जनवरी तक चल रहे ‘ग्रामोदय से अभ्योदय मध्यप्रदेश ग्राम विकास पखवाड़े’ एवं ‘युवा उत्सव’ के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुनखेड़ी में वृंदावन गार्डन न्यू हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में आनंद उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम पंचायत डोडाजाम, कुनखेड़ी, चोहटा पोपटी एवं जन आस्था सेवा समिति घोघरा के तत्वावधान में संपन्न हुआ।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना रहा। साथ ही स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा ग्रामीण विकास के प्रति जागरूकता फैलाना था। स्कूली बच्चों एवं छात्र-छात्राओं ने कला-सस्कृति के माध्यम से अपनी प्रस्तुतियां देकर मंचासीन अतिथियों को उत्साहित किया। बच्चों ने नृत्य, गीत, नाटक एवं पर्यावरण जागरूकता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जो दर्शकों को खूब भाए।इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य पति श्री मुन्ना बारस्कर ने शासन की योजनाओं का विस्तार से प्रचार किया। श्रीमती आशाय बाई कास्दे, सरपंच कुनखेड़ी ने ग्रामीण विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। श्री रामकिशोर धुर्वे, सरपंच एवं जन आस्था सेवा समिति घोघरा के अध्यक्ष ने स्वच्छता अभियान की महत्ता बताई। श्री सालकराम बारस्कर, उपसरपंच चोहटा पोपटी तथा पूर्व सरपंच श्री भावजी कास्दे भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम में सचिव श्री रमेश येवले, श्री चिरोंजी कास्दे, पंच रमोती कुमरे (पालक शिक्षा संघ अध्यक्ष), मालती कुमरे (पंच) सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।सभी अतिथियों ने संकल्प लिया कि ग्रामोदय से अभ्योदय तक पहुंचने के लिए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।







