झल्लार थाना क्षेत्र में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने हेतु विशेष चालानी कार्रवाई
रिपोर्ट अनुराग सोनी
झल्लार, 31 जनवरी 2026– झल्लार थाना अंतर्गत यातायात को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार थाना प्रभारी वाहिद खान एवं उनकी टीम द्वारा लगातार दो दिनों से विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। थाना परिसर के समक्ष झल्लार रोड पर आयोजित इस अभियान का मुख्य लक्ष्य वाहन चालकों द्वारा लाइसेंस, हेलमेट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का अनुपालन सुनिश्चित करना है।इस अभियान के दौरान चिल्कापुर हाई सेकेंडरी स्कूल की छात्र-छात्राओं को भी आमंत्रित किया गया। थाना प्रभारी वाहिद खान ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा माह के संदर्भ में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट लगाने, लाइसेंस रखने तथा अन्य सुरक्षा उपायों पर जोर दिया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अभियान के उद्देश्यों से अवगत हुईं।आज की कार्रवाई में कुल 28 चालान जारी किए गए, जिनका समन शुल्क 10,000 रुपये निर्धारित किया गया। इनमें मोटरसाइकिल, फोर व्हीलर एवं अन्य वाहनों के विरुद्ध सख्ती बरती गई। बिना लाइसेंस, बिना हेलमेट तथा दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर चालान काटे गए। यह अभियान यातायात दुर्घटनाओं को रोकने एवं सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।इस अवसर पर थाना प्रभारी झल्लार वाहिद खान के साथ एएसआई पंदराम, हाकम सिंह, नितेश, हर्षवर्धन, जगदीश एवं अमित स्टाफ उपस्थित रहे। थाना प्रभारी ने बताया कि यह चेकिंग आगे भी जारी रहेगी तथा आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें।







