रिंगढाना पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री डीडी उइके एवं विधायक महेंद्र सिंह चौहान, पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का दिया भरोसा
भीमपुर श्याम आर्य
भीमपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत रंभा के अंतर्गत रिंगढाना गांव में हाल ही में हुई भीषण आगजनी की घटना के बाद प्रभावित परिवारों से मिलने और उनकी समस्याओं को जानने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद D.D. Uikey तथा क्षेत्रीय विधायक Mahendra Singh Chouhan रविवार को रिंगढाना पहुंचे। उन्होंने आग प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति का जायजा लिया तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
मंत्री एवं विधायक ने प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी पीड़ा सुनी और कहा कि इस कठिन समय में शासन, प्रशासन और जनप्रतिनिधि पूरी तरह उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने पीड़ितों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा तथा राहत एवं पुनर्वास के लिए आवश्यक सभी प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद डीडी उइके तथा विधायक महेंद्र सिंह चौहान ने आग प्रभावित परिवारों को कपड़े वितरित किए और कहा कि प्रभावित परिवारों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनकी सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
विधायक महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि वे घटना के अगले ही दिन भी रिंगढाना पहुंचे थे, जहां उन्होंने प्रभावित परिवारों को नगद सहायता, कपड़े, राशन, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था कराई थी। उन्होंने पुनः गांव पहुंचकर राहत कार्यों का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों के बैंक खाते शीघ्र खोले जाएं ताकि शासकीय सहायता राशि सीधे उनके खातों में पहुंच सके। साथ ही गांव में पेयजल की समस्या को देखते हुए तत्काल बोर खनन कर आवश्यक जल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रशासन राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरते और समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक कार्य पूरे किए जाएं।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के गांव पहुंचने और सहायता का आश्वासन मिलने पर संतोष व्यक्त किया। आगजनी की इस घटना में कई परिवारों के मकान, घरेलू सामान, अनाज तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं जलकर नष्ट हो गई थीं, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। ऐसे समय में जनप्रतिनिधियों की पहल से पीड़ित परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष भैयालाल इरपाचे, जिला महामंत्री कृष्णा गायकी, मंडल अध्यक्ष अनिल उइके, जिला पंचायत सदस्य सोनू सुनील भलावी, पूर्व जनपद अध्यक्ष सुनील भलावी, मीनाग भूसुमकर, विकल सिंह, विनोद वरती, सरपंच गुजी बाई बारस्कर सरपंच मानाराम जी, मुन्नालाल कवड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Betul News Times
मैं श्याम आर्य Betul news time' का एडिटर हूं। मैं 2014 से लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हूं में betul news time पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मैने 2015 में सबसे पहले पत्रिका, फिर ताप्ती दर्शन,दबंग न्यूज भोपाल, बैतूल वाणी पर काम करने का अनुभव प्राप्त किया हैं।इसके अलावा मैं 2010 से पत्रकारिता/मीडिया जगत से लगातार जुड़ा हुआ हूं। न्यू भोजराज टाइम भोपाल समाचार में लगभग 2 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के, ताप्ती दर्शन,बैतूलवाणी पत्रिका के लिए काम कर रहा हूं हमेशा धार्मिक खबरें साथ ही पॉजिटिव खबरें पर काम करना पसंद करता हूं जिसमें समस्त पाठकों सहित शासन प्रशासन तक जानकारी पूर्णत पहुंच सके श्याम आर्य मोबाइल नंबर 7697501111







