पलस्या वन विभाग क्षेत्र में ग्रामीणों की बहादुरी से बुझी भयंकर आग
रिपोर्ट श्याम आर्य
भीमपुर विकासखंड के ग्राम पलस्या वन विभाग क्षेत्र में आज 11 बजे अचानक लगी भयंकर आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर और वन विभाग की टीम के साथ मिलकर कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
आग लगने का कारण हवा और फैलाव
क्षेत्र में बढ़ती गर्मी और शुष्क मौसम के कारण वन के सूखे पत्तों व झाड़ियों में किसी चिंगारी से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने तेजी से 10 से 15 एकड़ क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सागौन, साल जैसे मूल्यवान पेड़ और वन्यजीव खतरे में पड़ गए। स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले धुआं देखा और तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, वन विभाग को सूचना दी, लेकिन फायर ब्रिगेड टीम के पहुंचने में देरी होने से ग्रामीणों को आगे आना पड़ा
ग्रामीणों का सराहनीय योगदान
पलस्या के आसपास के दर्जनों ग्रामीणों ने हंसिया, पानी की बाल्टी के सहारे आग के घेरे को तोड़ने का काम किया। महिलाएं और युवा भी मैदान में उतर आए, जिन्होंने पानी की टंकियों लाए पानी से आग पर नियंत्रण की कोशिश की। वन विभाग के कुछ कर्मचारियों ने बाद में फायर ब्रिगेड अग्निशमन उपकरणों से सहायता की, लेकिन मुख्य श्रेय ग्रामीणों की एकजुटता को जाता है। लगभग 4-5 घंटे चले इस अभियान में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
वन विभाग पर सवाल, भविष्य की चिंता
ग्रामीणों ने वन विभाग की तैयारियों पर नाराजगी जताई, क्योंकि सूचना मिलने के बावजूद प्रारंभिक प्रतिक्रिया में कमी रही। विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी के मौसम में वनों में आग की घटनाएं बढ़ रही हैं, इसलिए नियमित पेट्रोलिंग और जागरूकता अभियान जरूरी हैं। वन विभाग ने जांच करना चाहिए और प्रभावित क्षेत्र में पुनर्वास की योजना बनाना चाहिए







