शराबी युवक द्वारा परिजनों को परेशान करने का मामला यादव समाज अध्यक्ष ने भ्रामक अफवाहों से रहे दूर
रिपोर्ट भीमपुर विकासखंड
भीमपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पलस्या में एक शराबी युवक द्वारा परिजनों को परेशान किए जाने की घटना को लेकर समाज में फैल रही भ्रामक एवं तथ्यहीन अफवाहों का यादव समाज के अध्यक्ष भूरा यादव ने खंडन किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले को जानबूझकर तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
भूरा यादव ने बताया कि संबंधित युवक विगत लगभग तीन वर्षों से शराब के नशे में उनकी बहन के साथ अभद्र भाषा, गाली-गलौज एवं मानसिक प्रताड़ना करता आ रहा था। सामाजिक शांति और पारिवारिक प्रतिष्ठा बनाए रखने के उद्देश्य से अब तक इस मामले को कानूनी स्तर पर नहीं ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि घटना के दिन स्थिति गंभीर हो जाने पर उनकी बहन द्वारा आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही उक्त युवक फरार हो गया। बाद में रास्ते में सामना होने पर वह पुनः नशे की हालत में आक्रामक हो गया और हाथापाई का प्रयास करने लगा। आत्मरक्षा के लिए केवल आवश्यक न्यूनतम स्वयं का बचाव किया गया, किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई।
यादव ने कहा कि घटना की समस्त जानकारी पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है तथा मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का अनुरोध किया गया है। वर्तमान में संबंधित युवक द्वारा झूठी और तथ्यहीन अफवाहें फैलाई जा रही हैं, जो पूर्णतः असत्य हैं।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि इस प्रकार के शराबी युवकों के कारण समाज में महिलाओं को भय के वातावरण में जीवन व्यतीत करना पड़ता है। ऐसे मामलों में सख्ती आवश्यक है, ताकि सामाजिक शांति और सुरक्षा बनी रहे।पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। मामला जांच के बाद साफ हो जाएगा वहीं यादव समाज के पदाधिकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है।







